शनिवार, 16 फ़रवरी 2013

प्रदेश में तीन नई तहसीलों का गठन होगा पांच नगरीय निकायों की सीमा का विस्तार भी होगा

भोपाल 15 फरवरी 2013। प्रदेश में प्रशासनिक इकाईयों के पुनर्गठन की प्रक्रिया तेजी से जारी है। फिलहाल तीन नई तहसीलों को निर्माण किया जा रहा है वहीं पांच नगरीय निकायों की सीमा का विस्तार भी किया जा रहा है।
जिन तीन जिलों में नई तहसीलें बनाई जाना है उनमें विदिशा, देवास एवं शिवपुरी शामिल हैं। राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचनाओं के मुताबिक, विदिशा जिले में कुरवाई तहसील को तोड़कर नई पठारी तहसील बनाई जा रही है। यह विदिशा जिले की ग्यारहवीं तहसील होगी। 3 सितम्बर,2012 को इस आशय की अधिसूचना जारी की जा चुकी है। इसी प्रकार, देवास जिले में बागली तहसील को तोड़कर नई उदयनगर तहसील का सृजन किया जा रहा है। यह देवास जिले की नौंवी तहसील बनेगी। इस आशय की अधिसूचना  10 जनवरी,2013 को जारी की जा चुकी है। शिपुरी जिले में पोहरी तहसील को तोड़कर बैराढ़ नई तहसील बनाई जा रही है जोकि इस जिले की नौंवी तहसील बनेगी। इस आशय की अधिसूचना 31 जनवरी,2013 को जारी की गई है। 
इधर राज्य के नगरीय निकायों की सीमाओं के विस्तार की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है। भोपाल नगर निगम की सीमा का विस्तार करने के लिये इसमें कोलार नगर पालिका सम्पूर्ण पच्चीस वार्ड शामिल किये जाने के आशय की अधिसूचना 21 नवम्बर,2012 को जारी की चुकी है। कोलार नपा भोपाल ननि सीमा से जुड़ी हुई है। इसी प्रकार, मुरैना नगर पालिका सीमा में बीस नई ग्राम पंचायतें शामिल करने के लिये इस आशय की अधिसूचना 12 दिसम्बर,2012 को जारी की जा चुकी है। इंदौर नगर निगम की सीमा को बढ़ाने हेतु इसमें 29 नये गांव शामिल किये जाने के आशय की अधिसूचना 5 फरवरी, 2013 को जारी की गई है। 
शहडोल नगर पालिका में छह ग्राम पंचायतें शामिल की जा रहा हैं तथा इस आशय अधिसूचना 27 दिसम्बर,2012 को प्रकाशित की गई है। राजगढ़ जिले में स्थित सारंगपुर नगर पालिका सीमा में वृध्दि करते हुये सात ग्रामों को इसमें शामिल करने के आशय की अधिसूचना 9 जनवरी,2013 को जारी की गई है। ज्ञातव्य है कि नई तहसीलों का गठन राजस्व विभाग के अधीन गठन किया जाता है जबकि नगरीय निकायों की सीमा का विस्तार नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अधीन किया जाता है। जल्द ही तीन नई तहसीलों के गठन एवं पांच नगरीय निकायों की सीमा के विस्तार की अंतिम अधिसूचना जारी हो जायेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें