रविवार, 6 जनवरी 2013

बीयू में छेड़छाड़ का मामला : एचओडी सन्याल निलम्बित


hopal, 04 Jan 2013, गुरुवार को फिजिक्स डिपार्टमेंट की लड़कियों के संग पार्क में बैठने को लेकर हुए विवाद के बाद छेड़छाड़ का असर शुक्रवार को भी बरकतउल्ला विश्वविद्यालय में देखा गया। दोपहर से ही परिसर में गहमा-गहमी बनी रही। इधर बीयू की कुलपति ने फिजिक्स डिपर्टमेंट के एचओडी प्रो सन्याल को निलम्बित कर दिया है।
शुक्रवार दोपहर 12.30 बजे के आसपास अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद(एबीवीपी) के दर्जनों कार्यकर्ता हंगामा करते हुए कुलपति निशा दुबे के कक्ष में जा घुसे। इनका नेतृत्व जिला संगठन मंत्री विजय अटवाल कर रहे थे।
एबीवीपी कार्यकर्ता जब नारेबाजी कर रहे थे, उसी वक्त पुलिस के साये में कुलपति निशा दुबे वहां पहुंचीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को खूब फटकार लगाई। इसके बाद पांच कार्यकर्ता उनके कक्ष में बातचीत करने गए।
इसी बीच एनएसयूआई के कार्यकर्ता भी वहां जा पहुंचे। इनकी अगुवाई जिलाध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा कर रहे थे। उनके संग यूथ कांग्रेस के नेता मुकेश पंथी भी थे।
एनएसयूआई और एबीवीपी कार्यकर्ता कुलपति के कक्ष के बाहर नारेबाजी करते हुए हंगामा करने लगे। एसडीओपी मिसरोद सारिका शुक्ला ने आंदोलित छात्रों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने।
इसके बाद एडीशनल एसपी धरमवीर सिंह बीयू पहुंचे और कार्यकर्ताओं को वहां से हटने को कहा। जब दोनों संगठनों को कार्यकर्ता वहां से हटने को राजी नहीं हुए, तो पुलिस ने लाठियां भांजकर उन्हें वहां से खदेड़ दिया। पुलिस ने मुकेश पंथी को हिरासत में लिया है।
उधर, बीयू की अनुशासन समिति ने कल शराब के नशे में पाए गए फिजिक्स डिपार्टमेंट के हेड प्रो. सान्याल को निलंबित कर दिया है। उन्होंने समिति को जवाब देने में भी अनुशासनहीनता का परिचय दिया।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें