शनिवार, 8 दिसंबर 2012

छह सिलेंडरों का नियम वापस लेने का संकल्प पारित


  छह सिलेंडरों का नियम वापस लेने का संकल्प पारित

भोपाल। राज्य विधानसभा में शुक्रवार को भाजपा विधायक विश्वास सारंग द्वारा लाया गया वह अशासकीय संकल्प सर्वसम्मति से पारित हो गया जिसमें केन्द्र सरकार से साल में छह रसोई गैस सिलेंडर देने के नियम को समाप्त करने की मांग की गई थी। खाद्य मंत्री पारस जैन से इस संकल्प से सहमति व्यक्त की जिस पर स्पीकर ईश्वर दास रोहाणी ने सर्वसम्मति से संकल्प पारित कर दिया। विपक्षी दल कांग्रेस के सदस्यों ने इसका विरोध नहीं किया।
दोबारा पारित हुआ संकल्प :
सदन में शुक्रवार का वह अशासकीय संकल्प दोबारा पारित हुआ जिसमें किसानों को खेती हेतु दी जाने वाली रासायनिक खाद पर केन्द्र द्वारा सब्सीडी घटाने का विरोध किया गया था। संकल्प लाने वाले विधायक बृजमोहन द्युत ने कहा कि मंहगाई के इस युग में खेती को लाभ का धन्धा बनाने की मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान युक्ति कर रहे हैं वहीं केन्द्र ने रासायनिक खाद पर सब्सीडी घटाकर इसे मंहगा कर दिया है। यदि किसान दु:खी रहेंगे तो देश भी सुखी नहीं रहेगा। भाजपा विधायक विश्वास सारंग ने इस संकल्प का समर्थन किया। जवाब में कृषि मंत्री रामकृष्ण कुसमरिया ने कहा कि केन्द्र सरकार ने खाद पर सब्सीडी कम की है तथा पिछली बार भी इस संबंध में संकल्प पारित किया था और उसे केन्द्र को भेजा गया था परन्तु केन्द्र ने कुछ नहीं किया। अब इसे फिर पारित कर भेजेंगे। कुसमरिया के जवाब के बाद स्पीकर ने संकल्प को सर्वसम्मति से पारित कर दिया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें