कांग्रेस ने दोबारा कर दिया भूमिपूजन
भोपाल 4 नवंबर 2011। आरआरएल तिराहे पर नगर निगम द्वारा बनाए जा रहे रेलवे ओवर ब्रिज(आरओबी) का शुक्रवार को दोबारा भूमिपूजन किया गया। इससे पहले बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में नगर निगम शिलान्यास व भूमिपूजन कर चुका है, लेकिन तब कांग्रेस नेताओं और केंद्र सरकार को तरजीह नहीं मिलने से कांग्रेसी पार्षदों ने प्रदर्शन कर इसका बहिष्कार किया था। शुक्रवार को भी कांग्रेस अध्यक्ष पीसी शर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शन कर सभी धर्मगुरुओं की मौजूदगी में आरओबी का भूमिपूजन किया गया।
कांग्रेस का आरोप है कि नगर निगम में इस समय तमाम योजनाएं जेएनएनयूआरएम के तहत चल रही है। यह योजना केंद्र सरकार की है, जिसमें 50 प्रतिशत राशि केंद्र की है। इसके बाद भी नगर निगम ने केंद्रीय नेताओं को बुलाया तक नहीं।
यही नहीं नगर निगम ने प्रचार के नाम पर एक बड़ी खर्च कर दी, लेकिन इसमें पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और केंद्रीय शहरी विकास मंत्री कमलनाथ का फोटो तक नहीं लगाया गया। इस मौके पर पूर्व महापौर विभा पटेल, सुनील सूद, वर्तमान निगम अध्यक्ष कैलाश मिश्रा समेत कई दिग्गज कांग्रेसी मौजूद थे।
Date: 04-11-2011
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें