
अर्जुन सिंह पंच तत्व में विलीन, लाखों लोगों ने दी श्रद्घांजलि
सीधी 6 मार्च 2011। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह रविवार को पंच तत्व में विलीन हो गए। सिंह का पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव साडा के करीब राव सागर तालाब में अंतिम संस्कार कर दिया गया। कांग्रेस के कई केंद्रीय मंत्रियों सहित मध्य प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री व छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री अंतिम संस्कार के समय उपस्थित थे।
अर्जुन सिंह का शुक्रवार को दिल्ली में निधन हो गया था। उनका पार्थिव शरीर शनिवार शाम विमान से सीधी और फिर वहां से सड़क मार्ग से साडा लाया गया था। लोगों के दर्शन के लिए उनका पार्थिव शरीर वहां रखा गया था। रविवार को अंतिम संस्कार से पहले शव यात्रा साडा में उनकी गढ़ी से शुरु हुई। शव यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए।
सकतई गांव में स्थित रावसागर तालाब में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पुलिसकर्मियों ने दिवंगत नेता को सलामी दी और ज्येष्ठ पुत्र अभिमन्यु सिंह ने चिता को मुखाग्नि दी।
केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी के अलावा केंद्रीय मंत्री कमलनाथ, कांतिलाल भूरिया, ज्योतिरादित्य सिंधिया, मध्य प्रदेश के राज्यपाल रामेश्वर ठाकुर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह तथा कांग्रेस के मध्य प्रदेश प्रभारी बी. के. हरिप्रसाद व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश पचौरी ने अंतिम संस्कार स्थल पहुंच कर अर्जुन सिंह को श्रद्घांजलि दी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें