काले धन को वापस लाओ तभी होगा देश का विकास
भोपाल 30 जनवरी 2011। कालेधन और भ्रष्टाचार को खत्म कर ही देश का विकास किया जा सकता है। बाबा रामदेव आगामी मई के महीने में अपने देशव्यापी अभियान के तहत कालेधन और भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजधानी सहित 18 जिलों में आएंगे। वे प्रदेश में भी भ्रष्टाचारियों और कालेधन रखने वालों के खिलाफ जागरूकता अभियान में हिस्सा लेंगे।
यह बात रविवार को भारत स्वाभिमान न्यास एवं पतंजलि योग समिति मप्र के पदाधिकारियों ने बोर्ड आफिस चौराहे पर कालेधन और भ्रष्टाचार के खिलाफ दिए गए धरने को संबोधित करते हुए कही। धरना कार्यक्रम को समिति की प्रदेश प्रभारी डॉ. पुष्पांजलि शर्मा, प्रांत संयोजक रमेश मालवीय, मंडल प्रभारी टीएस बावल, जिला इकाई के अध्यक्ष राजेंद्र जाट ने संबोधित किया।
अध्यक्षता समिति के प्रांतीय मीडिया प्रभारी राकेश खंडेलवाल ने की। इस मौके पर समिति पदाधिकारियों ने कालेधन और भ्रष्टाचार के खिलाफ आम लोगों से हस्ताक्षर भी करवाए। धरने के बाद पदाधिकारियों ने खून से हस्ताक्षर कर एक ज्ञापन जिला कलेक्टर निकुंज श्रीवास्तव को सौंपा।
राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन: इसके पूर्व न्यास और समिति के पदाधिकारियों ने पुरानी विधानसभा में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और अभियान की शुरुआत की। इसके बाद समिति के पदाधिकारी व सदस्य रैली के रूप में राजभवन तक गए और राज्यपाल रामेश्वर ठाकुर को कालेधन और भ्रष्टाचार के खिलाफ करवाए गए दस हजार हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन सौंपा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें