शनिवार, 29 जनवरी 2011

विस उपचुनाव : दोनों सीटों पर उम्मीदवारों ने फार्म भरे

भोपाल। सत्तारूढ़ भाजपा राज्य में होने वाले विधानसभा के दोनों उपचुनावों को गंभीरता से ले रही है। शुक्रवार को नामांकन पर्चा भरने के अंतिम दिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष प्रभात झा जहां कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाने के लिए खुद देवास और धार पहुंचे, वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी ने किसानों की समस्याओं को लेकर दिल्ली में वक्त गुजारना ज्यादा मुनासिब समझा।

धार जिले की कुक्षी विधानसभा सीट से कांग्रेस ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष जमुना देवी की भतीजी निशा सिंघार को उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने शुक्रवार को अपना पर्चा भर दिया, जबकि भाजपा की तरफ से मुकाम सिंह किराड़े ने भी फार्म भरा। सोनकच्छ से भाजपा प्रत्याशी राजेन्द्र वर्मा और कांग्रेस के अर्जुन वर्मा ने भी नामांकन दाखिल किया।

दरअसल भाजपा हर हाल में दोनों सीटें जीतना चाहती है। आठ माह पहले पार्टी के अध्यक्ष बने प्रभात झा पहली बार विधानसभा उपचुनावों का सामना करेंगे। यदि पार्टी एक सीट भी कांग्रेस से छीनने में कामयाब होती है तो यह सीधे तौर पर उनके खाते में दर्ज किया जाएगा। लिहाजा वह कोई कसर बाकी रखना नहीं चाहते। शुक्रवार को मुख्यमंत्री को भी वे ही दोनों स्थानों पर लेकर गए।

सोनकच्छ में एक जनसभा मेंमुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि उपचुनाव कार्यकर्ताओं के साथ ही जनता को लड़ना है। बीते दो सालों में सोनकच्छ के विकास के क्षेत्र में जो कमी रह गई है, उसकी अगले तीन सालों में सूद सहित भरपाई की जाएगी। प्रभात झा ने कहा कि चौहान ने प्रदेश के सर्वागीण विकास के लिए कमर कसी है। विकास एक आंदोलन बन गया है। भाजपा को विजयी बनाना समय की माग है।
29-1-2011

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें