आई.सी.एफ.ए.आई. मध्यप्रदेश में निजी विश्वविद्यालय स्थापित करेगा
उच्च शिक्षा मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा द्वारा बैठक में एल.ओ.आई. प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश
भोपाल 30 सितंबर 2010। उच्च शिक्षा मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने आज मंत्रालय में एक उच्च स्तरीय बैठक में हैदराबाद की संस्था आई.सी.एफ.ए.आई.ग्रुप द्वारा मध्यप्रदेश में निजी विश्वविद्यालय की स्थापना के सम्बंध में प्रस्ताव पर चर्चा की। उन्होंने संस्था द्वारा दिये गये प्रजेंटेशन को भी देखा।
उच्च शिक्षा मंत्री ने इस प्रतिष्ठित शिक्षा समूह को मध्यप्रदेश में निजी विश्वविद्यालय के लिए एल.ओ.आई. जारी करने की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। बैठक में प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा श्री प्रभांशु कमल और निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष श्री ए.के.पाण्डे भी उपस्थित थे।
आई.सी.एफ.ए.आई. द्वारा प्रदेश के प्रस्तावित निजी विश्वविद्यालय, उज्जैन-इन्दौर बायपास पर देवास के पास ग्राम शंकरगढ़ में स्थापित किया जाएगा। इसके लिए संस्था द्वारा 50 एकड़ भूमि खरीद ली गई है। संस्था द्वारा विश्वविद्यालय के निर्माण में 100 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इस समूह के विश्वविद्यालय और बिजनेस स्कूल देश के कई राज्यों में है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें