शुक्रवार, 28 दिसंबर 2012

47 साल बाद राज्य वित्त सेवा के नियम बदले

 
भोपाल 28 दिसंबर 2012। प्रदेश सरकार ने सैंतालिस साल बाद मप्र वित्त सेवा के भर्ती एवं सेवा शर्तें नियम बदल दिये हैं। इससे पहले वर्ष 1965 में ये नियम बने थे। 
वित्त विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, अब मप्र वित्त सेवा के अन्तर्गत संचालक पेंशन एवं वित्त नियन्त्रक के स्वीकृत किये गये कुल  7 पद होंगे तथा अपर संचालक के 18 पद होंगे तथा ये दोनों पद संवर्गीय होंगे। इसी प्रकार अब प्रवर श्रेणी के कुल 84 पदों में से 63 संवर्गीय एवं 21 असवंर्गीय पद होंगे। वरिष्ठ श्रेणी के कुल 171 पदों में से 154 संवर्गीय एवं 17 असंवर्गीय पद होंगे। कनिष्ठ श्रेणी के कुल 410 पदों में से 297 पद संवर्गीय तथा 113 असंवर्गीय पद होंगे। उक्त सभी पांचों प्रकार के पद राजपत्रित श्रेणी एक के स्तर के होंगे। इस प्रकार पांचों वर्गों में कुल 690 पद होंगे जिनमें 539 पद संवर्गीय एवं 151 असंवर्गीय होंगे। यहं यह स्पष्ट होगा वित्त सेवा के अन्तर्गत पदों की कुल संख्या स्वीकृत पदों से ज्यादा है।
अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि संचालक पेंशन का एक पद तथा वित्त नियन्त्रक के छह पद जोकि भोपाल, जबलपुर, रीवा, ग्वालियर, इंदौर एवं उज्जैन विश्वविद्यालयों में स्थित हैं, संवर्गीय होंगे। इन सभी सातों पदों का वेतनमान रुपये 37400-67000 ग्रेड पे 8900 होगा। अपर संचालक के पद का वेतनमान रुपये 37400-67000 ग्रेड पे 8700 होगा। प्रवर श्रेणी पद का वेतनमान रुपये 15600-39100 ग्रेड पे 7600 होगा।  
वरिष्ठ श्रेणी पद का वेतनमान रुपये 15600-39100 ग्रेड पे 6600 होगा। कनिष्ठ श्रेणी पद का वेतनमान रुपये 15600-39100 ग्रेड पे 5400 होगा। 
जारी अधिसूचना के अनुसार, अब कनिष्ठ श्रेणी के कुल 665 पदों में से पचास प्रतिशत पद सीधी भर्ती से और शेष पचास प्रतिशत पद पदोन्नति द्वारा भरे जायेंगे। संचालक एवं अपर संचालक के पद शतप्रतिशत पदोन्नति द्वारा भरे जायेंगे। अब सहायक कोषालय अधिकारी/सहायक आंतरिक लेखा परीक्षा अधिकारी/लेखा परीक्षक अधिकारी/उप कोषालय अधिकारी/कनिष्ठ लेखा अधिकारी/व्याख्याता, लेखा प्रशिक्षण शाला से मप्र वित्त सेवा कनिष्ठ वेतनमान कोषालय अधिकारी लेखाधिकारी/आंतरिक लेखा परीक्षा अधिकारी/सहायक संचालक/प्राचार्य लेखा प्रशिक्षण अधिकारी के पद पर पदोन्नति पांच साल बाद होगी। इसी प्रकार, मप्र वित्त सेवा कनिष्ठ वेतनमान कोषालय अधिकारी लेखाधिकारी/आंतरिक लेखा परीक्षा अधिकारी/सहायक संचालक/प्राचार्य लेखा प्रशिक्षण अधिकारी के पद से मप्र वित्त सेवा के वरिष्ठ वेतनमान/वरिष्ठ कोषालय अधिकारी/वरिष्ठ लेखाधिकारी/उप संचालक के पद पर पदोन्नति 6 साल बाद होगी। मप्र वित्त सेवा के वरिष्ठ वेतनमान/वरिष्ठ कोषालय अधिकारी/वरिष्ठ लेखाधिकारी/उप संचालक के पद से मप्र वित्त सेवा प्रवर श्रेणी वेतनमान संयुक्त संचालक/मुख्य लेखाधिकारी/वित्तीय सलाहकार के पद पर पदोन्नति 4 साल बाद होगी। मप्र प्रवर श्रेणी वित्त सेवा से अपर संचालक के पद पर पदोन्नति 5 साल बाद होगी। अपर संचालक के पद से संचालक के पद पर पदोन्नति भी 5 साल बाद की जायेगी।

  -  डॉ. नवीन जोशी

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें