बुधवार, 28 नवंबर 2012

केजरीवाल उज्जैन के किसी वार्ड से चुनाव जीतकर दिखाएं


केजरीवाल उज्जैन के किसी वार्ड से चुनाव जीतकर दिखाएं

उज्जैन 28 नवंबर 2012। केजरीवाल की राजनीतिक पार्टी पर श्री झा ने टिप्पणी की कि वीआरएस लेने वाले एक नौकरशाह को टीवी और अखबारों ने नेता बना दिया है। उन्होंने केजरीवाल को चुनौती दी कि वे उज्जैन के किसी वार्ड से चुनाव जीत कर दिखाएं।
यह बात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा ने उज्जैन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। उन्होंने कहा कि भाजपा की नींव अटलबिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी जैसे वरिष्ठ नेता हैं। राम जेठमलानी और शत्रुघ्न सिन्हा अगर कुछ कहें तो भी क्या होता है। वे हाल ही में भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा और राम जेठमलानी के बयानों से जुड़े सवाल का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि राम जेठमलानी को पहले भी पार्टी बाहर कर चुकी है। वे एक वकील हैं और उन्हें ''चुनौती'' भरी भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। श्री झा ने शत्रुघ्न सिन्हा को फिल्मी नेता करार दिया। उज्जैन सांसद प्रेमचंद गुड्डू द्वारा मंडी चुनाव की आचार संहिता के उल्लंघन से जुड़ी शिकायत राज्यपाल को किए जाने पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि प्रेमचंद गुड्डू आपके सांसद हैं। उन्होंने मंडी चुनाव दलगत नहीं होता। इसमें भाजपा अपने चुनाव चिन्ह का उपयोग नहीं कर रही। उल्लेखनीय है कि सांसद गुड्डू ने मंडी चुनाव की आचार संहिता लागू होने का हवालादेते हुए राज्यपाल से मुयमंत्री का 29 नवंबर को होने वाला उज्जैन दौरा रद्द करने की मांग की है।
घर का चुनाव है देख लेंगे - संगठन चुनाव में उभरी गुटबाजी के जवाब में श्री झा ने कहा कि चुनाव घर में है, आपस में बैठकर देख लेंगे। उन्होंने कहा कि यह संगठन का मामलाहै और हमारी लड़ाई कांग्रेस से नहीं है। कोई भी अध्यक्ष बन जाए। श्री झा ने 29 तारीख को नानाख़ेड़ा स्टेडियम में होने वाले नर्मदा-शिप्रा लिंक योजना के भूमिपूजन कार्यक्रम को लेकर कहा कि मां नर्मदा को शिप्रा मैया से जोड़कर शिवराजसिंह अटलजी का सपना पूरा कर रहे हैं।
नींव का पत्थर होगी योजना- श्री झा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने असंभव को संभव कर दिखाया है। 29 तारीख को उज्जैन में विशाल कार्यक्रम होगा और भाजपा आगामी चुनाव के लिए पांचजन्य फूंकेगी। झा ने दावा किया कि आगामी चुनाव में नर्मदा-शिप्रा लिंक योजना पार्टी के लिए नींव के पत्थर साबित होगी।

-  (डॉ. अरुण जैन)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें