सोमवार, 3 अक्टूबर 2011

भाजपा की चुनरी यात्रा से आम लोगों की फजीहत

इंदौर। रविवार को शहर में भाजपा की चुनरी यात्रा के कारण आम जनता की बुरी फजीहत हुई। खासकर हवाईअड्डे जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यातायात व्यवस्था इस कदर चरमरा गई कि एअरपोर्ट जाने वाले यात्री परेशान होते रहे। कई यात्रियों की फ्लाइट छूट गई तो कई लंबी पदयात्रा करके एयरपोर्ट पहुंचे।

यह यात्रा इंदौर के विधानसभा क्रमांक-एक के भाजपा विधायक सुदर्शन गुप्ता द्वारा निकाली गई थी। इसका नेतृत्व पार्टी महासचिव और मप्र के प्रभारी अनंत कुमार ने किया और खुले वाहन पर प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा और सांसद सुमित्रा महाजन भी उनके साथ थे।

यों तो इस यात्रा का उद्देश्य धार्मिक था मगर केंद्र सरकार के भ्रष्टाचार और काले धन से जोड़कर इसे राजनीतिक शक्ल देने की कोशिश की गई। यात्रा में सूरत से मंगवाई गई दो किलोमीटर चुनरी का इस्तेमाल किया गया। अनंत कुमार ने यात्रा शुरू होने से पहले संदेश दिया कि यह यात्रा पुण्यदायी है। खुशहाली, स्वच्छ राजनीति और सुशासन का प्रतीक है। मगर इस पुण्यदायी यात्रा में आम लोगों की जमकर फजीहत हुई। बड़ा गणपति से लेकर एअरपोर्ट रोड होते हुए बीजासन माता मंदिर तक जाने वाली यात्रा ने चार घंटे तक जाम लगाकर रख दिया। इधर चुनरी यात्रा निकल रही थी, तो दूसरी तरफ फ्लाइट पकड़ने वाले यात्री अपना सामान उठाकर एयरपोर्ट की तरफ भाग रहे थे। मुंबई जाने वाली जेट एयरवेज की फ्लाइट से जाने वाले प्रशात गोधा एक हाथ में बच्चे को और दूसरे हाथ में सामान लेकर दौड़ रहे थे, पीछे-पीछे उनकी पत्‍‌नी भाग रही थीं। पूछने पर उन्होंने नेताओं को जमकर कोसा। यही हाल दूसरे यात्रियों का भी था। मुंबई जाने वाली एक यात्री अनुजा ने बताया कि दो किलोमीटर लम्बा सफर दौड़ कर तय किया, तब कहीं जाकर एअरपोर्ट पर पहुंचे हैं। कई यात्री टैक्सी छोड़ बाइक वालों से लिफ्ट मागते दिखे। जो दौड़ नहीं सके वो फ्लाइट छूट जाने के बाद नेताओं को जमकर कोसते रहे। पुलिस भी सत्ताधारी पार्टी के कार्यक्रम को सुचारु रूप से चलाने में ही व्यस्त दिखीं। यात्रियों की फजीहत पर कार्यक्त्रम के संयोजक सुदर्शन गुप्ता का कहना है कि माता की भक्ति और देश सेवा के लिये यह आयोजन था। इससे अगर आम लोगों को कुछ तकलीफ हुई भी है, तो ये देशसेवा के लिए महज छोटी सी कुर्बानी है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें