शनिवार, 30 अप्रैल 2011

मध्यप्रदेश के तेजस्विनी कार्यक्रम को सराहा भारत सरकार ने

मध्यप्रदेश के तेजस्विनी कार्यक्रम को सराहा भारत सरकार ने
भोपाल 29 अप्रैल 2011। मध्यप्रदेश महिला वित्त एवं विकास निगम द्वारा तेजस्विनी कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण एवं उन्हें आजीविका के बेहतर अवसर प्रदान करने के लिये दिये जा रहे प्रोत्साहन एवं सहायता पर भारत सरकार ने प्रसन्नता जाहिर की है। भारत सरकार ने यह उम्मीद जताई है कि मध्यप्रदेश सरकार के इन प्रयासों से महिलाओं को अधिकाधिक सफलता हासिल हो सकेगी। तेजस्विनी कार्यक्रम को भारत सरकार के आर्थिक मामलों के मंत्रालय ने सराहा है। गत 27 अप्रैल को रांची में आईफेड की वित्तीय सहायता से संचालित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में निगम की प्रबंध संचालक श्रीमती शिखा दुबे ने तेजस्विनी कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी दी थी। इस बैठक में भारत सरकार की ओर से श्रीमती कविता प्रसाद, आइफेड कंट्री हेड श्री नाइजल ब्रेट और ग्रामीण विकास मंत्रालय के अधिकारी भी उपस्थित थे।
बैठक में मध्यप्रदेश सहित देशभर की चौदह परियोजनाओं के संचालक उपस्थित थे। मध्यप्रदेश की ओर से श्रीमती शिखा दुबे ने समीक्षा बैठक में तेजस्विनी कार्यक्रम की गतिविधियों एवं मध्यप्रदेश सरकार द्वारा दिये जा रहे निरंतर प्रोत्साहन एवं सहयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
श्रीमती दुबे ने बताया कि तेजस्विनी कार्यक्रम के अंतर्गत 12 हजार स्व-सहायता समूह गठित करने का लक्ष्य था। मध्यप्रदेश ने लक्ष्य को प्राप्त कर 12 हजार 290 स्व-सहायता समूहों का गठन किया। इन समूहों में प्रदेश के छह जिलों की लगभग एक लाख पैंसठ हजार महिलाओं को जोड़ा गया है। ये महिलाएं स्वयं को सशक्त करने के अलावा रोजगार से जुड़कर स्वयं को आर्थिक रूप से निर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही हैं। उन्होंने बैठक में जानकारी दी कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा इन महिला समूहों को प्रदेश शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगभग 39 करोड़ रुपये की सहायता भी प्रदान की गई है।
मध्यप्रदेश के छह जिलों में मध्यप्रदेश महिला वित्त एवं विकास निगम द्वारा संचालित तेजस्विनी कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गरीब एवं आदिवासी महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक स्तर पर जागरूक करना एवं आत्म-निर्भर बनाना है। बीते पंचायत चुनाव में स्व-सहायता समूह की 1 हजार 809 महिलाओं ने विभिन्न पदों पर जीत हासिल कर अपनी राजनीतिक जागरूकता का परिचय भी दिया है।


Date: 29-04-2011

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें