मंगलवार, 8 मार्च 2011

बैंक को गिरवी रखी बासठ लाख की तिल्ली गायबMar 07, 11:48 pm

ग्वालियर, एक व्यापारी ने अपनी तिल्ली गिरवी रखकर बैंक से ऋण लिया और बाद में तिल्ली भी गायब कर दी। यह तिल्ली मप्र विपणन संघ के सरकारी गोदाम से गायब हुई है। अब इस मामले की जांच पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा कर रहा है। इस मामले में व्यापारी के साथ संघ के अधिकारियों की भी मिलीभगत बताई जा रही है।

यह मामला दतिया जिले के इंदरगढ़ का है। यहां के एक व्यापारी मनोज गुप्ता ने 2009 में करीब 1700 क्विंटल तिल्ली इंदरगढ़ में बने मप्र विपणन संघ के गोदाम में रखी। तिल्ली रखने के बाद उसने उसकी रसीद ली और इंदरगढ़ के ही भारतीय स्टेट बैंक में रसीद को गिरवी रखकर करीब 62 लाख का ऋण ले लिया। बैंक तिल्ली या अन्य फसलों के बदले ऋण देते रहते हैं और बदले में विपणन संघ के गोदाम में रखी गई फसल की रसीद ले लेते हैं। बैंक के अधिकारियों के मुताबिक एक वर्ष बाद भी व्यापारी मनोज गुप्ता ने अपनी रसीदें वापस लेकर ऋण चुकाने का काम नहीं किया तो उन्होंने दिसंबर 2010 में संघ के गोदाम की जांच की तो पाया कि वहां पर एक बोरी भी तिल्ली नहीं थी। उन्होंने जब व्यापारी मनोज गुप्ता से पूछा तो वह साफ मुकर गया। इसके चलते यह शिकायत ग्वालियर स्थित ईओडब्ल्यू में की गई। ईओडब्ल्यू ने इस शिकायत की जांच शुरू कर दी है। तिल्ली गायब होने के मामले में उस समय संघ के गोदाम के प्रभारी रहे अनिल शर्मा पर भी शक जाहिर किया जा रहा है। ऐसा लग रहा है कि व्यापारी व गोदाम प्रभारी ने इस तिल्ली को बेच दिया और बैंक को करीब 62 लाख रुपये का चूना लगा दिया।
march8-3-2011

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें