शुक्रवार, 4 मार्च 2011

शिवाजी ने भारतीय मूल्यों पर आधारित शासन स्थापित किया -चौहान

शिवाजी ने भारतीय मूल्यों पर आधारित शासन स्थापित किया -चौहान
शिवाजी ने भारतीय मूल्यों पर आधारित शासन स्थापित किया -चौहान
श्रीमंत योगी महा-नाट्य-संगीतिका का विभिन्न स्थानों पर होगा मंचन, हिन्दी में पहली बार भोपाल में हुआ मंचन
भोपाल 3 मार्च 2011। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा है कि श्रीमंत योगी महा-नाट्य का मंचन प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर होगा। श्री चौहान ने कहा कि संस्कार भारती महानायकों और प्रेरणादायी व्यक्ति के संबंध में जानकारी दे कर भावी पीढ़ी को प्रेरित करने का दुर्लभ और अभिनंदनीय कार्य कर रही है। श्री चौहान हिन्दी में पहली बार मंचित हो रहे महा-नाट्य-संगीतिका श्रीमंत योगी के रवीन्द्र भवन मुक्ताकांश में शुभारंभ अवसर पर उपस्थित रसिकों को सम्बोधित कर रहे थे। संस्कार भारती नागपुर और आर्ट-बिट क्रिएशन्स की प्रस्तुति महा-नाट्य-संगीतिका श्रीमंत योगी का आयोजन स्वराज संस्थान और संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया है।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती कृष्णा गौर, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह चौहान, संस्कार भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजदत्त उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि शिवाजी महाराज का व्यक्तित्व महान था वे वीर, न्यायप्रिय और सुशासक थे जिन्होंने देश की सांस्कृतिक धारा को बदल दिया। उन्होंने भारतीय मूल्यों पर आधारित शासन स्थापित करने का कार्य किया है। श्री चौहान ने कहा कि शिवाजी सभी के लिये प्रेरणा के स्त्रोत आदर्श और मार्गदर्शक हैं। जनकल्याणकारी आदर्श शासन के सूत्रों को शिवाजी की शासन व्यवस्था से समझा जा सकता है। उन्होंने कहा अतीत से प्रेरणा लेकर वर्तमान को इस प्रकार से गढ़ा जाए कि भविष्य में भारत विश्व गुरू के पद पर स्थापित हो इस दिशा में महा-नाट्य की प्रस्तुति एक सफल प्रयास है।
संस्कृति मंत्री श्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने कहा कि संस्कृति विभाग द्वारा जहाँ भी जो भी अच्छा हो रहा है वह मध्यप्रदेश में भी हो, ऐसे प्रयास किये हैं। उन्होंने कहा कि श्रीमंत योगी महा-नाट्य-संगीतिका की तीन दिवसीय प्रस्तुति भोपाल के बाद इंदौर में की जायेगी। शीघ्र ही ग्वालियर और जबलपुर में भी आयोजन के संबंध में निर्णय लिया जायेगा।
संस्कार भारती नागपुर की अध्यक्ष श्रीमती कांचन गडकरी ने कहा कि शिवाजी का व्यक्तित्व दीपस्तम्भ के समान है जो भविष्य की पीढ़ियों के लिये प्रेरणा का स्त्रोत है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी शिवाजी के व्यक्तित्व से संस्कारित हो संस्कार भारती का यही प्रयास है। उन्होंने कहा कि जो समाज उसके इतिहास को भूल जाता है वह कभी भी भविष्य को स्वर्णिम नहीं बना सकता है। श्रीमती गडकरी ने कहा कि विभिन्न ललितकलाएं प्राचीन संस्कृति और सभ्यता को संस्कारित करने की क्षमता रखती हैं। वे मनुष्य को देवत्व प्रदान कर सकती है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री चौहान को महा-नाट्य में शिवाजी की भूमिका निभाने वाले कलाकार ने तलवार भेंट की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने संस्कार भारती और उसके पदाधिकारियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभांरभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से किया गया। संचालन श्री गिरीश जोशी ने किया। संस्कार भारती की गतिविधियों के विषय में श्री आशुतोष आडवाणी ने जानकारी दी।


Date: 03-03-2011

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें