शनिवार, 5 मार्च 2011

मुख्यमंत्री श्री चौहान जन्मदिवस पर अनाथ आश्रम और वृद्धाश्रम पहुँचे

मुख्यमंत्री श्री चौहान जन्मदिवस पर अनाथ आश्रम और वृद्धाश्रम पहुँचे
भोपाल 5 मार्च 2011। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने आज अपना जन्म दिवस गरिमामय सादगी के साथ मनाया, उन्होंने किसी प्रकार के पुष्प-गुच्छ और माला इत्यादि स्वीकार नहीं किए। मुख्यमंत्री श्री चौहान मुख्यमंत्री निवास पर जन्म दिवस की बधाई देने आये आगन्तुकों से मिलकर सबसे पहले सपत्नीक प्राचीन श्रीमाता का मंदिर, साउथ टी.टी.नगर गये। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद चौहान दम्पत्ति शिवाजी नगर स्थित वृद्ध-आश्रम 'आनंद धाम' गए और वहाँ वृद्धजनों के बीच कुछ समय व्यतीत किया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वृद्धजनों से प्रदेश के विकास और गरीबों की आंखों के आंसू पोंछने के लिये निरंतर कर्मरत रहने का आशीर्वाद लिया। श्री चौहान ने कहा कि राजकीय शोक होने के कारण वे किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग नहीं ले रहे हैं लेकिन बुर्जुगों के आशीर्वाद और प्रेरणा की सदैव आवश्यकता होती है। जन्म-दिवस पर वृद्धजनों से भेंटकर वे धन्य हैं। उन्होंने कामना की कि वृद्धजनों के आशीर्वाद से उन्हें कर्म का निर्वहन करने की शक्ति मिलेगी। चौहान दम्पत्ति को अपने बीच पाकर वृद्धजनों ने उन्हें बढ़-चढ़कर आशीष दिए और मुख्यमंत्री श्री चौहान के स्वस्थ और शतायु होने की कामना की।
आनंदधाम से मुख्यमंत्री श्री चौहान और श्रीमती साधनासिंह चौहान हमीदिया रोड स्थित बाल निकेतन गये और वहाँ अनाथ बच्चों के बीच बैठकर उनसे नर्मदाष्टक सुना। मुख्यमंत्री श्री चौहान का नन्हीं बालिका पिंकी भारती ने तिलक कर अभिवादन किया और बालिका नीलम ने स्वनिर्मित चित्रकृति भेंट की।
इस अवसर पर आश्रम के संचालकगण, मध्यप्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री रमेश शर्मा 'गुट्टू भैया', जिला भाजपा अध्यक्ष श्री आलोक शर्मा, एम.आई.सी. सदस्य श्री विष्णु राठौर आदि उपस्थित थे।
Date: 05-03-2011

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें