सोमवार, 6 सितंबर 2010

कश्मीर हमारा है, इसे लेकर रहेंगे


भोपाल. भारतीय जनता युवा मोर्चा ने ऐलान किया कि पाक अधिकृत कश्मीर हमारा है और हम उसे लेकर रहेंगे। मोर्चा ने अपने राष्ट्रव्यापी आंदोलन भारत प्रथम की शुरूआत आज भोपाल से करते हुए कहा कि जरूरत पड़ी तो मोर्चा के कार्यकर्ता बलिदानी जत्थों में भी बदल जाएंगे। इस बीच यह आंदोलन शहरवासियों के लिए मुसीबत बन गया। रैली के चलते घंटों जाम लग गया और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने सोमवार को भोपाल में पार्टी के प्रदेश कार्यालय के समक्ष आयोजित कार्यक्रम में कहा कि कश्मीर भारत की आन बान और शान है और उसकी तरफ बुरी नजर रखने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान,राष्ट्रीय महासचिव नरेंद्र तोमर ,प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा और प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष जीतू जिराती भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कश्मीर भारत की शान है और हम पाक अधिकृत कश्मीर लेकर रहेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों पड़ोसी देशों से सटी सीमाओं पर भारत की सुरक्षा संकट में है लेकिन केंद्र सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। उन्होंने कहा कि मोर्चा का यह आंदोलन कश्मीर के मुद्दे पर देश की जनता का ध्यान आकृष्ट करने के साथ इस संबंध में केंद्र की ढुलमुल नीति को भी उजागर करेगा। अन्य वक्ताओं ने भी कश्मीर में पिछले कुछ महीनों से लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शन और सेना के विशेष अधिक समाप्त किए जाने की जोर पकड़ती मांग पर चिंता जताई।

हबीबगंज से लेकर नए भोपाल को जोड़ने वाली हर सड़क पर जाम लगा रहा। लोगों को घंटों इसी जाम में गुजारने पड़े। इस बीच जब लोगों की प्रतिक्रिया ली गई तो उनका कहना था कि सरकार को जो भी करना हो करे, लेकिन कम से कम जनता को परेशानी से बचाए। कई लोग जहां बच्चों को स्कूल लेने जा रहे थे तो कई दफ्तर के लिए निकले थे।

1 टिप्पणी:

  1. बहुत बढ़िया .

    मजेदार जानकारी के लिए धन्यवाद .

    कृपया इसे भी पढ़े -------http://ashokbajaj99.blogspot.com/

    जवाब देंहटाएं