बैतूल में मलेरिया की दवा खाने से 9 बच्चे बीमार
बैतूल, 1 सितम्बर। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में मलेरिया की गोली खाने से नौ स्कूली बच्चे बीमार हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लोहरिया गांव की माध्यमिक पाठशाला के बच्चों को बुखार आने पर मंगलवार को मलेरिया की दवा क्लोरोक्वि न दी गई। इसे खाते ही बच्चों की हालत बिगड़ने लगी। कई बच्चे बेहाश होने लगे। नौ बच्चों की हालत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी दिनेश कौशल ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि स्वास्थ्य विभाग का एक दल ग्रामीण क्षेत्र के भ्रमण पर था। स्कूली बच्चों के बुखार पीड़ित होने की जानकारी मिलने पर बच्चों की स्लाइड बनाकर मलेरिया की दवा दी गई। कई बार मलेरिया की दवा खाने के बाद एसीडिटी आदि होती है, इन बच्चों के साथ भी ऐसा ही कुछ हुआ है। सभी बच्चों की स्थिति नियंत्रण में है। अस्पताल में भर्ती बच्चों पर नजर रखी जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें