गुरुवार, 24 जनवरी 2013

फिर तो लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा भी हैं आतंकवादी

भोपाल 24 जनवरी 2013। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता बलवीर पुंज ने गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे की भगवा आतंकवाद संबंधी टिप्पणी को देश के खिलाफ अपराध बताया है। उन्होंने कहा कि शिंदे ने पाकिस्तान के दलाल के रूप में काम किया है,ऐसे अपराधों की माफी नहीं होती। प्रधानमंत्री उन्हें बर्खास्त करें, वर्ना जनता प्रधानमंत्री को ही बर्खास्त कर देगी। अगर संघ में आतंकवाद की ट्रेनिंग मिलती है और भगवा आतंकवाद है तो फिर लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभाओं में भी आतंकवादी हैं। भाजपा सदस्य इन सदनों में भगवा कपड़े पहनकर या पट्टियां बांधकर जाएं।
शिंदे के बयान के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन के सिलसिले में यहां सोमवार चौराहे पर पुंज और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने धरने में भाग लिया। पुंज ने कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह के बयानों में आतंकियों को ओबामा जी, हाफिज साहब आदि और बाबा रामदेव को ठग कहे जाने के उदाहरण देते हुए कहा कि सिंह अफजल का बचाव करते हैं लेकिन शहीद सुधाकर सिंह के गांव नहीं जाते। तोमर ने दिग्विजय सिंह बताएं कि खालिस्तानी आतंकवाद को किसने पैदा किया था?
कांग्रेस इस देश में आतंकवाद का निदान नहीं चाहती। भ्रष्टाचार और महंगाई जैसे मुद्दों से देश का ध्यान हटाने के लिए उल जलूल बयान दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की बुनियाद ही सांप्रदायिक है। नेहरू और जिन्ना के कारण देश टूटा।
धरने में जिला भाजपा अध्यक्ष आलोक शर्मा, प्रदेश कार्यालय मंत्री आलोक संजर, पूर्व सांसद नंद कुमार सिंह चौहान, विधायक ध्रुव नारायण सिंह, विश्वास सारंग, खनिज निगम अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा, नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष रमेश शर्मा शामिल थे। इन नेताओं ने भी भाषण दिए।
हमें गालियां दें पर पाक को मुद्दा न दें :
बाद में गुरुवार शाम प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार-वार्ता में बलवीर पुंज ने कहा कि कांग्रेस चाहे तो भाजपा एवं संघ को खूब गालियां दें, हम भी उसे गालियां देते हैं तथा इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है लेकिन इस बार केन्द्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिन्दे ने आतंकवाद के मामले में जयपुर में बयान पाकिस्तान को मुद्दा दे दिया है जिससे भाजपा चिन्तित है। श्री पुंज ने कहा कि भाजपा देश की एक बड़ी पार्टी है तथा केन्द्र में रही है और कई राज्यों में उसकी सरकारें हैं जबकि आरएसएस देश का सबसे बड़ा एनजीओ है। ऐसे मे इन दोनों संगठनों पर आतंकवाद के ट्रेनिंग सेंटर चलाने का अनर्गल आरोप लगाना कांग्रेस की शुद्र राजनीति है।
उमा पार्टी पदाधिकारी नहीं :
पुंज ने उमा भारती के भोपाल जेल में समझौता एक्सप्रेस बम ब्लास्ट की आरोपी प्रज्ञा भारती से मिलने जाने पर कहा कि वे पार्टी पदाधिकारी नहीं हैं तथा राजनाथ सिंह भी कभी प्रज्ञा भारती से मिलने जेल नहीं गये हैं और न ही स्वयं उनका प्रज्ञा भारती से मिलने जाने का कार्यक्रम है। इस सवाल पर कि प्रज्ञा भारती आरएसएस की हैं, श्री पुंज ने कहा कि वे भाजपा में तो नहीं हैं और आरएसएस से संबंध के मामले में संघ से ही पूछा जाये।
आरिफ कासमानी हैं असल आरोपी :
श्री पुंज ने दावा किया कि मुम्बई की ट्रेनों में सीरियल बम विस्फोट तथा पानीपत में समझौता एक्सप्रेस में विस्फोट करने का असल आरोपी पाक नागरिक आरिफ कासमानी है तथा यह बात अमरीका खुफिया एजेन्सियों ने भी मानी है।


 - डॉ. नवीन जोशी

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें