शनिवार, 1 दिसंबर 2012

मध्यप्रदेश को मनरेगा में मिलेंगे 100 करोड़

 मध्यप्रदेश को मनरेगा में मिलेंगे 100 करोड़भोपाल 30 नवम्बर 2012। राज्य के एक दिवसीय प्रवास पर आए केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री जयराम रमेश ने मनरेगा के अंतर्गत प्रदेश में चल रहे कार्यों को सराहा और 100 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि एक दो दिन में उपलब्ध कराए जाने की घोषणा की। केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने आज प्रदेश ग्रामीण विकास विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक में राज्य में मनरेगा, नरेगा के अंतर्गत चल रहे कार्यों में अभी तक की प्रगति पर संतोष जाहिर किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार खासतौर पर व्यक्ति गत रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयासों को सराहा, वहीं अभी तक की कार्य प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। प्रदेश में सोशल आडिट कराने आगामी सालों में कार्ययोजना ग्राम पंचायत समितियों द्वारा वनवासों और आम जनता की भागीदारी बढ़ाए जाने के प्रयासों को सराहा। उच्च अधिकारियों के साथ बैठक में केंद्र से आए संयुक्त सचिव श्री भूषण तथा संचालक वशिष्ठ सहित ग्रामीण विकास विभाग मध्यप्रदेश की एसीएस अरुणा शर्मा, कमिश्नर रवीन्द्र पस्तौर उपस्थित थे। 
मैला मुक्ति यात्रा का आगाज 
राज्य की राजधानी भोपाल में राष्ट्रीय गरिमा अभियान के तहत आयोजित मैला मुक्ति यात्रा का आगाज हुआ। इस कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री जयराम रमेश, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा राष्ट्रीय कर्मचारी सफाई आयोग की अध्यक्ष श्रीमती कमला गूजर, स्वामी अग्निवेश मैग्से से अवार्डी संदीप पाण्डे, पीएस कृष्णन, पूर्व सचिव भारत सरकार के सामने प्रदेश तथा देश के विभिन्न भागों से मैला ढोने की प्रथा से मुक्त हुई महिला एवं पुरुषों ने एक स्वर में अपने पुनर्वास व सामुदायिक विकास की बात मंच के माध्यम से की। 
अभियान का अंत 31 जनवरी 2013 को नई दिल्ली में होगा। आयोजकों के अनुसार प्रदेश की 10 हजार महिलाओं का जत्था 18 राज्यों में जागरुकता फैलाएगा और दिल्ली में 50 हजार मैला मुक्त लोग एकत्रित होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। भारत सरकार के पूर्व सचिव पीएस कृष्णन ने मंच से इनके संपूर्ण पुनर्वास, बच्चों की शिक्षा तथा रोजगार उपलब्ध कराने की गुहार केन्द्रीय मंत्री जयराम रमेश से की। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली से आई कुशल महल नामक महिला का सम्मान किया, वहीं केन्द्रीय मंत्री जयराम रमेश ने मंदसौर की छोटी बहन नामक महिला को शाल और श्रीफल भेंट किया। समाचार लिखे जाने तक कार्यक्रम जारी था। प्रदेश के ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव अस्वस्था के चलते कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। 
मुख्यमंत्री से सौजन्य भेंट 
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री जयराम रमेश आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलने उनके निवास पर पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री के साथ उन्होंने लगभग एक घंटे गुफ्तगूं की। इसे सौजन्य भेंट बताया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि मनरेगा में विकास कार्यों में प्रदेश के हिस्से की राशि के आवंटन में विलंब को लेकर राज्य सरकार ने केंद्र को तीखे पत्र लिखे थे और केंद्र ने भी खतों कितावत की थी। लेकिन केंद्रीय मंत्री अपने मिलनसार स्वभाव के चलते मुख्यमंत्री से भेंट करने पहुंचे। सौजन्यता के प्रति शिवराज सिंह चौहान ने भी तहे दिल से उनका आत्मीय स्वागत किया। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें