रविवार, 6 नवंबर 2011

'रंगीन मिजाज' रिपब्लिकन सियासत

सत्येंद्र कनौजिया ॥

अमेरिका और दुनिया अभी बिल क्लिंटन और मोनिका लेविंस्की की कहानी भूले नहीं हैं। उस कहानी के सामने आने के बाद अमेरिकी सियासत और मीडिया में तूफान आया था और चटकारे लेने वालों ने हर शब्द आंखें फाड़-फाड़कर पढ़ा था। इस फेहरिस्त में पूर्व रिपब्लिकन गवर्नर अर्नाल्ड श्वार्त्सनेगर और साउथ कैरोलिना की मौजूदा गवर्नर निकी रंधावा हैले भी शामिल हैं। ताजा विवाद भी हाई प्रोफाइल है। इस बार सुर्खियों में हैं रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की दावेदारी की होड़ में शामिल अश्वेत राजनेता हर्मन केन। कद्दावर केन पर यौन उत्पीड़न के संगीन इल्जाम लगे हैं और इन आरोपों ने उनकी वाइट हाउस पहुंचने की हसरत को बुरे सपने सरीखा बना दिया। आइये जानते हैं इस सेक्स स्कैंडल की कहानी :

कब लगे थे आरोप : केन गॉड फादर्स पिज्जा के सीईओ रह चुके हैं। 1996 से 1999 के बीच वह अमेरिका की नैशनल रेस्टोरेंट असोसिएशन के अध्यक्ष थे। इस दरम्यान उन पर दो महिलाओं ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। न्यूज वेबसाइट पॉलिटिको ने कुछ दिन पहले यह खबर दी थी, जिसने अमेरिकी सियासत में तूफान मचा दिया है। वेबसाइट के मुताबिक, उस वक्त नैशनल रेस्टोरेंट असोसिएशन और आरोप लगाने वाली महिलाओं के बीच समझौता हुआ था। दोनों महिलाएं उस वक्त असोसिएशन में काम करती थीं। पॉलिटिको के अनुसार, एक महिला को समझौते के तहत 45 हजार डॉलर दिए गए थे। न्यू यॉर्क टाइम्स की खबर के मुताबिक, दूसरी महिला को 35 हजार डॉलर दिए गए थे। इस महिला के बारे में अमेरिकी मीडिया में फिलहाल ज्यादा जानकारी नहीं आई है।

ताजा घटनाक्रम : आरोप लगाने वाली महिलाओं में से एक के वकील जोल बेनेट ने बीते गुरुवार को असोसिएशन को उसका लिखित बयान सौंपा। इस बयान में क्या है, फिलहाल पता नहीं चल पाया है। बावजूद इसके इससे पहली मर्तबा कथित रूप से पीडि़त महिला की कहानी सामने आ सकती है और यह पता चल सकता है कि केन पर लगाए गए आरोप आखिर हैं कैसे? बेनेट का कहना है कि उनकी मुवक्किल, जो कि अब सरकारी कर्मचारी है, केन के इन दावों से नाराज है कि उनके खिलाफ लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोप गलत हैं। बेनेट ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि अगर हमारे और असोसिएशन के बीच समझौता हो जाता है, तो जो बयान जारी किया जाएगा, उसमें मेरी मुवक्किल की पहचान जाहिर नहीं की जाएगी। वह अपनी निजी जिंदगी को सार्वजनिक नहीं करना चाहती।

मुश्किल में केन : इस वक्त हर्मन केन के सामने सबसे बड़े सियासी चुनौती हैं मिट रोम्नी। रोम्नी मैसाचूसिट्स के गवर्नर रह चुके हैं और वह भी रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की दावेदारी की होड़ में शामिल हैं। केन ने कुछ वक्त पहले कहा था कि टेक्सस के गवर्नर रिक पेरी पर उनके खिलाफ नकारात्मक प्रचार अभियान चलाने के लिए ऐसे आरोप लगाए हैं। हालांकि बाद में वह अपने बयान से पीछे हट गए। इस विवाद के सामने आने के बाद केन को अपने प्रचार अभियान को ट्रैक पर लाने में मुकिश्लों का सामना करना पड़ रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें