सोमवार, 7 नवंबर 2011

इस्लाम भाईचारा और हमदर्दी सिखाता है


इस्लाम भाईचारा और हमदर्दी सिखाता है
भोपाल 7 नवंबर 2011। ईदुज्ज़ुहा का पर्व आज राजधानी भोपाल में पूरी अकीदत के साथ मनाया जा रहा है। कुर्बानी के इस त्यौहार पर ईदगाह में विशेष नमाज अठ्ठा कराते हुए अपनी तकरीर में शहर काजी सैयद मोहम्मद फाजिल कासमी ने मुल्क की सलामती के लिए लाखों हाथ उठवाते हुए कहा कि इस्लाम भाईचारा और हमदर्दी सिखाता है। ईद के इस पर्व पर महामहिम राज्यपाल श्री रामनरेश यादव और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुभकामनाएं दी हैं। इस्लाम भाईचारा और हमदर्दी को प्राथमिकता देता है। कुर्बानी का त्यौहार त्याग और तपस्या का त्यौहार है, जिसमें एक बाप अल्लाह के हुक्म को पूरा करने के लिए अपने बेटे की कुर्बानी देता है। वहीं बेटा अपने बाप के आदेश के पालन में अपने आपको कुर्बान करने की पहल करता है। आज मानव समाज को इस बात की आवश्यकता है कि इसी प्रकार अपने बाप के आदेश का पालन करें और बाप को भी चाहिए कि वह अपनी औलाद को ऐसी तालीम दे कि वह अपने मां-बाप के पालनहार बने। यह तकरीर है शहर काजी सैयद मोहम्मद फाजिल कासमी की। ईदगाह में विशेष नमाज अदा कराते हुए शहर काजी मुफ्ती सैयद कासमी ने कहा है कि कुर्बानी उस मुसलमान पर बाजिब है जो साहबे एहसियत है जिसके पास साढ़े 52 तोला चांदी या 35 हजार रुपए का मालिक है उस पर कुर्बानी बाजिब है। उन्होंने कहा कि पहले इंसान खुद अपने लिए कुर्बानी करे बाद में अपने परिवार व मरहूमों के लिए। शहर काजी ने कहा कि इस्लाम भाई-चारा और हमदर्दी की बुनियाद है। मुसलमान के किसी भी अमल से ऐसा कोई भी कार्य न हो जिससे किसी को भी कोई तकलीफ पहुंचे। कुर्बानी राहे खुदा में की जाए, खुशदिली से की जाए और शरीयत के नियमों को पूरा करके की जाए। शहर काजी ने कहा कि बड़ी कीमतों के जानवरों में दिखावा और कम कीमत की लागत में पड़कर कुर्बानी के मकसद से भटकना नहीं चाहिए। इसके बाद ठीक 8 बजे शहर काजी ने ईदगाह में ईदुजुहा की नमाज अदा करवाई। उसके बाद खुतबा हुआ और फिर सामूहिक दुआ की गई जिसमें विश्व शांति के लिए दुआ की गई। और शहर के अमनो-अमान के लिए भी दुआ की गई, जिस पर लाखों लोगो ने आमीन कहा।
यह भी रहे मौजूद- ईद के शुभ अवसर पर फिल्म अभिनेता रजा मुराद, जिला इंका अध्यक्ष पीसी शर्मा, पूर्व महापौर सुनील सूद, नगर निगम अध्यक्ष कैलाश मिश्रा, ईश्वर सिंह चौहान, शमीम खान, नसीम खान, इसरईल खान सहित इक्का-दुक्का लोग शामिल रहे। वहीं भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के सदस्य नजर नहीं आए। और न ही कोई बड़ा नेता दिखाई दिया।
वक्फ बोर्ड ने किया ईदगाह का प्रचार- मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड ने ईदगाह पर बहुत बड़ा बैनर लगाकर ईद की मुबारकबाद पेश की। जिसमें नई प्रस्तावित ईदगाह का नक्शा भी मौजूद था, और उस पर लिखा था कि दुनिया की सबसे बड़ी ईदगाह अगली ईद तक तैयार हो जाएगी।
यहां भी अदा की गई नमाज- शहर की बड़ी ऐतिहासिक मस्जिदों, इमामबाड़ों, खानकाहों सहित अनेक स्थानों पर शांतिपूर्ण तरीके से हर्ष-उल्लास के साथ ईद की नमाज अदा की गई।
कुर्बानी का सिलसिला- नमाज के साथ सुबह से ही घरों-घर बकरों की कुर्बानी का सिलसिला शुरु हुआ।
Date: 07-11-2011

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें