मंगलवार, 11 जनवरी 2011

किसानों को हुई क्षति की भरपाई करेगी सरकार

किसानों को हुई क्षति की भरपाई करेगी सरकार
कृषि मंत्री द्वारा किसानों से मनोबल बनाये रखने की अपील
भोपाल, 10 जनवरी 2011। किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री डा. रामकृष्ण कुसमरिया ने किसानों से अपील की है कि वे प्राकृतिक आपदा का सामना करने में अपना मनोबल बनाये रखें। इसके कारण निराशा में वे कोई ऐसा कार्य नहीं करें जिससे उनकी पारिवारिक व्यवस्था प्रभावित हो। उन्होंने कहा है कि इस आपदा में राज्य शासन उनके साथ है और उन्हें इससे होने वाली क्षति की भरपाई करने के लिये कृतसंकल्प है। कृषि मंत्री ने कहा कि पाला/तुषार के कारण जो नुकसान हुआ है उसका सर्वे शीघ्र कराया जा रहा है। सर्वे रिपोर्ट आने के बाद किसानों को राहत राशि का वितरण शीघ्र किया जायगा।
डा. कुसमरिया ने कहा है कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान इस प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान के कारण काफी चिन्तित हैं। वे स्वयं किसान हैं, किसानों के प्रति उनकी पूरी सहानुभूति है। डॉ. कुसमरिया ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में सरकार किसानों के साथ है।
कृषि मंत्री ने प्रदेश के सभी कलेक्टर को इस प्राकृतिक आपदा से हुई फसल की क्षति का आंकलन कर सर्वे करने के निर्देश दिए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें