रविवार, 3 मार्च 2013

एमपी भाजपा का कुनबा दिल्ली में


भोपाल 1 मार्च 2013। राष्ट्रीय परिषद बैठक में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेशाध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर समेत प्रदेश के सभी मंत्री, विधायक, प्रदेश पदाधिकारियों से लेकर जिलाध्यक्ष और जिला महामंत्री तक दो और तीन मार्च को दिल्ली में रहेंगे। महापौर और जिला पंचायतों के अध्यक्ष तथा सभी संगठन मंत्री भी इस बैठक में रहेंगे। शिवराज और तोमर सहित कुछ प्रमुख नेता एक मार्च को ही दिल्ली पहुंच जाएंगे। तोमर का आज रात रवाना होने का कार्यक्रम है। सीएम कल सुबह दिल्ली जाएंगे। इस बैठक में प्रदेश से 583 भाजपा नेता आमंत्रित किए गए हैं। भाजपा की इस बैठक के चलते ही प्रदेश विधानसभा में एक मार्च को अवकाश रखा गया है।भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह के निर्वाचन पर मुहर लगाने के लिए दो और तीन मार्च होने वाली राष्ट्रीय परिषद बैठक के एजेंडे में पार्टी ने आगामी चुनाव वाले राज्यों की तैयारी विषय को भी रखा है। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और दिल्ली समेत आधा दर्जन से अधिक राज्यों के चुनाव इस साल होने हैं। भाजपा अभी से इन राज्यों में अपनी चुनावी तैयारी को अंजाम देना चाहती है। परिषद के दौरान मप्र में चुनावी तैयारी को लेकर राजनाथ सिंह और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेशाध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से अलग से चर्चा होने की संभावना है। इससे पहले कार्यसमिति बैठक में तोमर प्रदेश भाजपा का वृत्त प्रस्तुत करेंगे, जिसमें आगामी अक्टूबर माह के कार्यक्रमों की रूपरेखा से केंद्रीय नेतृत्व को अवगत कराया जाएगा। प्रदेश में अभी चल रहे महाजनसंपर्क अभियान की जानकारी भी बैठक में दी जाएगी। सदस्यता एवं संगठन चुनाव के बारे में भी प्रदेश की स्थिति से अवगत कराया जाएगा।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी पर नजर
प्रदेश के प्रमुख भाजपा नेताओं की नजर अब राजनाथ सिंह की टीम पर है। परिषद बैठक के बाद बनने वाली भाजपा की राष्टीय कार्यकारिणी में कम से कम एक महासचिव का पद मध्यप्रदेश से जुड़े नेता को मिलने की संभावना है। सचिव के पद पर भी प्रदेश के किसी नेता को जगह मिल सकती है। मोर्चा और प्रकोष्ठों में भी पद दिया जा सकता है।भाजपा की पिछली राष्ट्रीय कार्यकारिणी में नरेंद्र सिंह तोमर के साथ थावरचंद गेहलोत को महासचिव बनाया गया था। वहीं संसदीय बोर्ड में भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को जगह मिलने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। दिल्ली में पद पाने के तलबगार नेताओं में गहलोत के साथ पूर्व प्रदेशाध्यक्ष प्रभात झा, सांसद सुमित्रा महाजन, कप्तान सिंह सोलंकी, विक्रम वर्मा, माखन सिंह और भगवतशरण माथुर शामिल हैं।
कार्यकर्ताओं के हवाले महाजनसंपर्क
संसद और विधानसभा में अवकाश के बावजूद भाजपा के सांसद और विधायक पार्टी के महाजनसंपर्क अभियान से दूर रहेंगे। राष्ट्रीय परिषद की बैठक के सिलसिले में इन नेताओं के साथ पार्टी के जिलाध्यक्ष और महामंत्री स्तर के पदाधिकारी भी तीन दिन तक अपने क्षेत्र से दूर रहेंगे। इस दौरान 25 फरवरी से शुरू हुआ महाजनसंपर्क अभियान पूरी तरह निचले स्तर के कार्यकर्ताओं के हवाले रहेगा। प्रदेश भाजपा कार्यालय में भी दो दिन तक खामोशी रहेगी।कुछ को छोड़कर अधिकांश प्रदेश पदाधिकारी परिषद बैठक में शामिल होने प्रदेश से बाहर रहेंगे।





Navin Joshi, डॉ. नवीन जोशी, www.prativad.com
 





Date: 01-03-2013     Time: 19:49:46




कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें